
राजभवन में होगा शपथ समारोह, तैयारियां शुरू
लुधियाना, 2 जुलाई (राजकुमार साथी)। लुधियाना पश्चिमी हलके से उप चुनाव जीतकर विधायक बने पूर्व राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा 3 जुलाई को मंत्रीमंडल में शामिल होंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होने की भी चर्चा है। माना जा रहा है कि इस बारे में आज रात तक फैसला हो सकता है। मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार राजभवन से शपथ समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार के 3 साल के कार्यकाल में यह 7वां मंत्रिमंडल विस्तार होगा। लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा का मंत्रिमंडल शामिल होना तय है। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि संजीव अरोड़ा के बाद क्या कोई अन्य विधायक मंत्री बनेगा या नहीं। चर्चा है कि अरोड़ा को शहरी विकास या इंडस्ट्री विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अरोड़ा के चुनाव प्रचार के दौरान घोषणा थी, लोग उन्हें विधायक बनाएं, हम उन्हें मंत्री बनाएंगे। अरोड़ा ने एक जुलाई को अपनी राज्यसभा की मेंबरशिप से इस्तीफा दे दिया था, जिसे तुरंत स्वीकार कर लिया गया। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के उदयपुर के दौरे पर होने के कारण मंत्रीमंडल विस्तार समारोह में देरी हुई है। राज्यपाल आज चंडीगढ़ वापस लौट आए हैं। तीन जुलाई को दोपहर 1 बजे यह समारोह होने की संभावना है।