जालंधर, 2 जुलाई (अमर ज्वाला ब्यूरो)। पंजाबी गायक व अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म सरदार जी-3 में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर के होने से उठे विवाद के बीच पंजाबी सूफी गायक व पर्व सांसद हंस राज हंस ने दिलजीत दोसांझ का समर्थन किया है। अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान हंस राज हंस ने कहा कि जब सरदार जी-3 फिल्म बनी थी, तब किसी को नहीं पता था कि भारत- पाक के बीच ऐसी स्थिति बनेगी। मगर दिलजीत की फिल्म का ऐसे में विरोध किया जाना गलत है। दिलजीत और फिल्म के प्रोड्यूसर बहुत अच्छे लोग हैं। देश में किसी प्रकार की कट्टरता नहीं फैलाई जानी चाहिए।

हंस राज हंस ने कहा कि पाकिस्तान की जनता नहीं, बल्कि वहां की सरकार गलत है। मैं पाकिस्तान गया हूं, पाकिस्तान के कई लोग चाहते थे कि पाक और भारत अलग ही न हो। पाकिस्तान में कई ऐसे दिग्गज कलाकार हुए हैं, जो भारत काम करने आते रहे हैं और हम वहां जाते रहे हैं। हंस राज हंस ने आगे कहा कि जब मैं वहां गया तो वहां का खाना पीना और वहां के लोगों से बातचीत करके समझ आया कि हम एक जैसे ही हैं। हंस राज हंस ने कहा कि जहां भी युद्ध होता है, वहां सिर्फ मासूम लोग मारे जाते हैं। इसलिए हमें अरदास करनी चाहिए कि दोनों देशों में अमन शांति रहे। जिससे लोगों का नुकसान नहीं हो।