
मोहाली पुलिस पर गुरुद्वारा साहिब में जाने से रोकने का आरोप भी लगाया
मोहाली, 2 जुलाई (अमर ज्वाला ब्यूरो/राजकुमार साथी)। आय से अधिक संपत्ति मामले में विजीलेंस की ओर से गिरफ्तार किए गए पर्व अकाली मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया। जिसके चलते मजीठिया की गिरफ्तारी के विरोध में अकाली दल के प्रधान व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल समर्थकों संग मोहाली पहुंच गए। कोर्ट की तरफ आते देख पंजाब पुलिस ने नाकेबंदी करके उन्हें घेर लिया। लेकिन सुखबीर बादल व उनके साथी गाड़ी से उतरकर पैदल ही कोर्ट की तरफ जाने लगे तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान सुखबीर बादल और पंजाब पुलिस के अधिकारियों से जमकर बहस हुई। पुलिस ने उन्हें कहा कि सुरक्षा कारणों की वजह से वह कोर्ट की तरफ नहीं जा सकते। इसके बाद अकाली वर्कर भडक़ उठे।

बादल ने इस दौरान आरोप लगाए कि पंजाब के पूरे तंत्र को अरविंद केजरीवाल ने अपने कब्जे में ले लिया है। सब कुछ उनके इशारों पर ही हो रहा है। पुलिस सुखबीर सिंह बादल व उनके साथियों को बस में बिठाकर वहां से दूर ले गई और करीब तीन घंटे हिरासत में रखने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। दूसरी तरफ पंजाब में आय से अधिक संपत्ति केस में गिरफ्तार किए गए पूर्व मंत्री व सीनियर अकाली नेता बिक्रम मजीठिया की रिमांड बढ़ा दी गई है। विजिलेंस ने मोहाली कोर्ट में बताया कि जांच के दौरान कई अहम सवालों पर मजीठिया सहयोग नहीं कर रहे हैं। विजिलेंस ने अदालत से यह भी कहा कि उन्हें अब पंजाब से बाहर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर ले जाकर पूछताछ करनी पड़ सकती है। करीब 4 घंटे चली सुनवाई के बाद कोर्ट ने चार दिन का रिमांड मंजूर कर लिया और अगली पेशी 6 जुलाई को होगी। इस दौरान पुलिस ने अदालत परिसर को पूरी तरह घेर रखा था। मीडिया को दूर रखने के लिए जहां गाडिय़ों की बैरिकेडिंग की गई, वहीं कोर्ट के चारों ओर तिरपाल लगाकर हर दिशा से दृश्यता बंद कर दी गई। बताते चलें कि मजीठिया को अमृतसर स्थित उनके घर से 25 जून को गिरफ्तार किया गया था। उन पर आय से 540 करोड़ रुपए ज्यादा की संपत्ति रखने का आरोप है। विजिलेंस को गिरफ्तारी के बाद मजीठिया की 7 दिन की रिमांड मिली थी। जो अब चार दिन के लिए और बढ़ा दी गई है। सुनवाई के बाद सरकारी वकील फैरी सोफत ने बताया कि पिछली बार 7 दिनों की रिमांड दी गई थी। मजीठिया को आज दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने 4 दिनों की और रिमांड दी गई है।

हिरासत में लेने से पहले पंजाब के सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि आज जो कुछ भी पंजाब में हो रहा है, यह सब आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो केजरीवाल कर रहे हैं। केजरीवाल ने पंजाब पर कब्जा कर लिया है। सरकार, पंजाब पुलिस और अन्य प्रशासनिक कामकाज केजरीवाल के अधीन चल रहे हैं। अकाली दल कभी भी कानून-व्यवस्था खराब नहीं करता, लेकिन लॉ एंड ऑर्डर का हवाला देकर अकाली नेताओं को घरों में नजरबंद किया गया है। जबकि हमारे नेता शांति पर यकीन रखते हैं। केजरीवाल सोचते हैं कि अकाली दल को वह डरा लेंगे, मगर अकाली दल डरने वाला नहीं है। अब केजरीवाल के पैरों के नीचे से जमीन निकल रही है, जिसके चलते यह बौखलाकर आम आदमी पार्टी की सरकार यह सब कर रही है। बादल ने कहा कि हमें गुरुद्वारा साहिब में रखवाए अखंड पाठ में जाना था, लेकिन हमें वहां जाने से भी रोक लिया गया। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट डालकर कहा है कि भगवंत मान ने पंजाब में अघोषित आपातकाल लगा दिया है। आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा झूठे मामले में फंसाए गए बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए आज मोहाली जा रहे अकाली कार्यकर्ताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया गया। सभी प्रमुख सडक़ों पर लगाए गए नाकों पर भी अकाली वर्करों को आने से रोका गया है। इस तरह की दमनकारी हरकतें कायरता की निशानी हैं। यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान बिक्रम मजीठिया के लिए बढ़ते समर्थन से घबरा गए हैं।