
लुधियाना, 2 जुलाई (दीपक)। एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढऩे वाला छात्र पब्जी खेलते हुए मिली लडक़ी के साथ घर से लापता हो गया। रुद्र प्रताप नाम का यह छात्र 20 जून को अपने स्कूल में फाइल जमा कराने के लिए घर से निकला था, मगर आज तक वापस नहीं लौटा। मामले में नया खुलासा तब हुआ जब पता चला कि सराभा नगर इलाके की एक लडक़ी भी अपने घर से गायब है। जांच में सामने आया है कि रुद्र और वह लडक़ी पबजी गेम के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। भुजिया सप्लाई का काम करने वाले रुद्र के पिता राजू ने बताया कि उनका बेटा घर से 15 हजार रुपए लेकर गया है और उसने एक व्हट्सअप मैसेज भेजकर किसी लडक़ी के साथ जाने की बात कही है। रुद्र की मां ने बताया कि कुछ समय से उन्हें अपने बेटे की फोन पर लंबी बातचीत का पता चला था। जब उन्होंने उस लडक़ी से बात की और फोन पर बातें कम करने को कहा, तो लडक़ी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह रुद्र को अपने छोटे भाई की तरह मानती है। थाना सराभा नगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल निकलवाई और लोकेशन ट्रेस की। जांच में पता चला कि दोनों की आखिरी लोकेशन घंटा घर के पास से मिली है। पुलिस का मानना है कि वे दोनों किसी पूर्व योजना के तहत साथ गए हैं। क्योंकि रुद्र अपने साथ पैसे लेकर गया और लडक़ी भी कुछ सामान अपने साथ ले गई है।