दो दिन से लापता चल रहा था करतार सिंह, पत्नी व साली पर लगा हत्या का आरोप
अमृतसर, 25 जून (सुरिंदर)। 23 जून से लापता चल रहे एसजीपीसी की धर्म प्रचार कमेटी के इंचार्ज करतार सिंह का शव तरनतारन की ढंड कसेल नहर से बरामद हुआ। तरनतारन पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए अस्पताल में रखवा दिया। इस मामले में परिवार ने थाना बी-डिवीजन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। थाना बी-डिवीजन पहुंचे धर्म प्रचार कमेटी के सचिव विजय सिंह ने बताया कि नहर के पुल के पास से करतार सिंह की स्कूटी मिली थी। विजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि करतार सिंह की पत्नी और साली ने उसकी हत्या की है। पुलिस को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए। थाना बी-डिवीजन एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। परिवार के लोगों से भी पूछताछ कर रहे हैं। अभी कोई परिवारिक विवाद जैसा कुछ सामने नहीं आया है। फिर भी मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। बतातें चलें कि ढाई महीने पहले 9 अप्रैल को एसजीपीसी के मुख्य खजांची तरसेम सिंह की लाश भी नहर में मिली थी।
