मोमबत्तियों से रोशन हुई रेल पटरी
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने किया हरियाणा के आंदोलन का समर्थन

जंडियाला गुरू (सुरेंद्र कुमार)। खेती बिलों के विरोध में किसान–मजदूर संघर्ष कमेटी का रेल रोको आंदोलन सोमवार को 12वें दिन भी जारी रहा। कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता देवीदासपुरा और फिरोजपुर की बस्ती टैंकों वाली में रेल पटरियों पर डटे रहे। उन्होंने रेल ट्रैक पर मोमबत्तियां जलाकर 6 अक्टूबर से शुरू होने वाले हरियाणा के किसानों के आंदोलन का समर्थन करने का ऐलान किया।

रेल ट्रैक पर मोमबत्तियां जलाकर के किसानों के आंदोलन
का समर्थन करने का ऐलान
इस मौके पर कमेटी के प्रदेश सचिव सरवन सिंह पंधेर, सुखविंदर सिंह सभरां, हरप्रीत सिंह सिधवां, लखविंदर सिंह वरियाम और जर्मनजीत सिंह वडाला ने कहा कि पूंजिपतियों की दलाल भारतीय राजनीतिक पार्टियां आंदोलन की रोशनी को बुझाने का प्रयास करने की कोशिश कर रही हैं। मगर इससे किसान व मजदूरों का संघर्ष और तेज हो गया है। केंद्र सरकार ने कार्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए ही खेती बिल पास किए हैं। ताकि किसानों को इन घरानों का गुलाम बनाया जा सके। इन बिलों के बाद अंबानी, अडानी व रिलायंस ग्रूप ही पूरे बाजार व मंडी पर कब्जा कर लेंगे। उन्होंने कहा कि इन खेती बिलों को रद कराए जाने तक यह आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर मंगजीत सिंह सिधवां, बलकार सिंह देवीदासपुरा, अमरदीप सिंह गोपी, हरदीप सिंह जौहल, मनजिंदर सिंह गोहलवड़, सतनाम सिंह माणोचाहल, सलविंदर सिंह जीयोबाला, रेशम सिंह घुरकविंड, जरनैल सिंह नूरदी, निरंजन सिंह बरगाड़ी, मुख्तार सिंह बाकीपुर, सतनाम सिंह खैहरा, लखविंदर सिंह पलासौर, निंदर सिंह मूसे, दलजीत सिंह रटौल, दलजीत सिंह, महिंदर सिंह भोजिया व निशान सिंह ने भी संबोधित किया।
