15 दिन से फरार है बर्खास्त कांस्टेबल नवनीत सिंह

अमृतसर। नवां पिंड गांव में हुए दोहरे आत्महत्या कांड में बर्खास्त सब इंस्पेक्टर संदीप कौर का साथी बर्खास्त कांस्टेबल नवनीत सिंह 15 दिन से फरार चल रहा है। एसपी गौरव तूर और एडीसीपी हरपाल सिंह ने दावा किया है कि कांस्टेबल को जल्द काबू कर लिया जाएगा। मामले के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम संदीप कौर को फिर कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। मेहता रोड स्थित नवां पिड निवासी ज्वेलर विक्रमजीत सिंह ने 10 अक्टूबूर को मोहकमपुरा थाने के पास एक होटल में एसआई संदीप कौर की ब्लैकमेलिंग से दुखी होकर आत्महत्या कर ली थी।

सुसाइड नोट में लिखा था कि वह एसआई संदीप कौर को 18 लाख रुपये दे चुके हैं। इसके बाद 11 अक्टूबर को विक्रमजीत की पत्नी सुखबीर कौर ने भी आत्महत्या कर ली थी। इस बाबत जंडियाला गुरु थाने ने केस दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस को संदीप कौर और उसके साथी नवनीत के खिलाफ कई सबूत भी मिले थे। सीएम कैप्टन अमरिदर सिंह के आदेश पर 21 अक्टूबर को पुलिस ने संदीप कौर को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि उसका साथी नवनीत अभी तक फरार है।