
संजीव अरोड़ा समेतत दो नए चेहरों को शामिल करने की ही है चर्चा
लुधियाना, 25 जून (राजकुमार साथी)। लुधियाना उपचुनाव में मिली शानदार जीत से उत्साहित पंजाब सरकार इसी हफ्ते में मंत्रीमंडल में 7वां फेरबदल करने जा रही है। जिसमें लुधियाना उपचुनाव जीतने वाले संजीव अरोड़ा समेत दो नए चेहरों को शामिल किए जाने की चर्चा है। हालांकि सरकार के इस फैसले से कई कैबनिट मंत्रियों की नींद उड़ी हुई है। क्योंकि दो मंत्रियों की छुट्टी होने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राजभवन में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। मुलाकात के बाद सीएम ने साफ किया कि आने वाले 3-4 दिनों में मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा। उन्होंने राज्यपाल के सामने चंडीगढ़ में आप को कार्यालय के लिए जगह देने की मांग भी रखी। सीएम ने कहा कि पार्टी ने सभी नियम पूरे कर लिए हैं और वे इसे लेकर गवर्नर को लिखित में जानकारी दे चुके हैं। जल्द ही चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी का अपना कार्यालय होगा। सूत्रों के मुताबिक दो नए चेहरों की एंट्री संभव है। राज्यसभा सीट किसी उद्योगपति को दिए जाने संबंधी जवाब देते हुए मान बोले- क्या उद्योगपति पार्टी का वर्कर नही होता, यह सीट उसी को ही दी जाएगी, जो पंजाब की अवाज उठाए, जो पंजाब के मामलों को उठाए। मान ने नए चेहरों पर बोलने से इनकार करते हुए कहा, 3-4 दिनों में कैबिनेट विस्तार की तैयारी है। हमने जो वायदा लुधियाना में लोगों से किया है, उसको भी पूरा करते हुए कैबिनेट मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अब मुझे यह मत पूछना कि विभाग कौन कौन से मिल रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल में दो पद खाली हैं। ऐसे में अरोड़ा के साथ-साथ एक और विधायक को भी शपथ दिलाई जा सकती है। इनमें मालवा क्षेत्र से एक महिला विधायक शामिल है। हालांकि इस महिला विधायक को अभी भी अहम जिम्मेदारी सौंप रखी है और कैबिनेट रैंक का दर्जा दिया हुआ है। पार्टी की रणनीति इस फेरबदल के जरिए क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की है। वहीं, माझा क्षेत्र से एक पुराने विधायक की संभावित वापसी को लेकर भी चर्चाएं गर्म हैं।