लुधियाना में 16 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित; जिले में कुल संख्या बढ़कर 147 हुई

Share and Enjoy !

Shares


मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर से किया वर्चुअल उद्घाटन; कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों ने विभिन्न स्थानों पर जनता को समर्पित किए क्लीनिक

लुधियाना, 14 अक्टूबर (राजकुमार साथी) । पंजाब सरकार द्वारा लोगों को उनके घरों के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आज जिला लुधियाना में 16 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए गए। इन क्लीनिकों का वर्चुअल उद्घाटन पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स. हरदीप सिंह मुंडियां, कैबिनेट मंत्री स. तरुनप्रीत सिंह सोंद, विधायक स. जगतार सिंह दयालपुरा, विधायक बीबी सरबजीत कौर माणूके और विधायक स. जीवन सिंह संगोवाल ने लुधियाना जिले में विभिन्न स्थानों पर नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए।
नए आम आदमी क्लीनिक भैणी साहिब, पबियां, सिद्धवां कलां, इयाली कलां, जटाणा, वाल्मीकि पार्क हैबोवाल कलां, खाकट, आलमगीर, कंगणवाल, माणकवाल, कडियाणा कलां, खैहरा बेट, इयाली खुर्द, ख्वाजके, अलूणा मियाणा और झाड़ साहिब में स्थापित किए गए हैं। इन 16 नए क्लीनिकों के शुरू होने से जिला लुधियाना में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 147 हो गई है। इस अवसर पर सिविल सर्जन लुधियाना डॉ. रामनदीप कौर ने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके घरों के नजदीक ही बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि इन क्लीनिकों में डॉक्टर से परामर्श, बुनियादी स्वास्थ्य जांच, सामान्य बीमारियों का उपचार, सरकार द्वारा निर्धारित सूची के अनुसार मुफ्त दवाइयां और उपलब्ध निर्धारित प्रयोगशाला जांचों की सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। इन सेवाओं से बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार में मदद मिलती है तथा लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर स्थित अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम होती है। डॉ. रामनदीप कौर ने कहा कि गंभीर बीमारी या आपातकालीन स्थिति में मरीजों को आवश्यकता के अनुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें। सिविल सर्जन ने कहा कि जिले में 147 आम आदमी क्लीनिकों का नेटवर्क स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Share and Enjoy !

Shares

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *